May 17, 2026

चंडी माता मंदिर में नशे में धुत युवकों का उत्पात, पुजारी और सेवादारों से मारपीट

News:
महासमुंद। जिले के बागबाहरा स्थित सुप्रसिद्ध चंडी माता मंदिर घुंचापाली में कुछ युवकों द्वारा उपद्रव और मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 3 से 4 युवक नशे की हालत में मंदिर परिसर में पहुंचे और वहां दहशत फैलाते हुए पुजारी और सेवादारों के साथ मारपीट की।

जानकारी के अनुसार चंडी पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर भालुओं के प्रतिदिन मंदिर आने के लिए भी प्रसिद्ध है। शाम के समय मंदिर में भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ रहती है। इसी दौरान कुछ युवक मंदिर परिसर में पहुंचे और चाकू लहराते हुए उत्पात मचाने लगे।

उपद्रवियों ने मंदिर के पुजारी और सेवादारों के साथ मारपीट भी की, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में भय का माहौल बन गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि मारपीट और उत्पात की पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 3 से 4 आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की बात कही जा रही है।