महासमुंद में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने सोमवार सुबह 10:30 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों और आगामी आयोजनों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू, एसडीएम, विभागीय अधिकारी, जनपद सीईओ, नगर निकायों के सीएमओ एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्लॉक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने सिरपुर महोत्सव 2026 के सफल आयोजन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी को जिम्मेदारीपूर्वक दायित्व निभाने और व्यवस्थाओं में सहयोग देने पर बधाई दी।
फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत
कलेक्टर लंगेह ने राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत स्वयं दवा सेवन कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि जिले में 10 से 25 फरवरी तक सामूहिक दवा सेवन कराया जाएगा। स्वास्थ्य अधिकारियों को डीईसी और एल्बेंडाजोल दवा का वितरण तय दिशा-निर्देशों के अनुसार कराने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की ताकि जिला फाइलेरिया मुक्त बन सके।
धान उठाव और उपस्थिति पर सख्ती
बैठक में जिले में जारी धान उठाव की समीक्षा की गई। जिन उपार्जन केंद्रों में डीईओ के विरुद्ध उठाव लंबित है, वहां प्राथमिकता से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि 15 फरवरी तक डीईओ जारी कर उठाव सुनिश्चित करें और स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया जाए।
उन्होंने आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली को अनिवार्य करते हुए निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी सुबह 10 बजे कार्यालय में उपस्थित रहें। साथ ही सभी फाइलों का मूवमेंट ई-ऑफिस प्रणाली से ही करने के आदेश दिए ताकि पारदर्शिता और समयबद्धता बनी रहे।
विभागों की व्यापक समीक्षा
कलेक्टर ने स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, जिला पंचायत, कृषि और शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के अनुसार जिले को विकास में अग्रणी बनाए रखना है।
इसके साथ ही पीएम जनमन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल, समय-सीमा पत्रक और राजस्व प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश भी दिए गए।




