March 4, 2026

महासमुंद में जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं रिव्यु समिति की बैठक सम्पन्न, बैंकिंग योजनाओं की समीक्षा

महासमुंद, 13 फरवरी 2026 – कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं रिव्यु समिति की संयुक्त बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग, वित्तीय एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, आरबीआई प्रतिनिधि श्री दीपेश तिवारी, नाबार्ड प्रबंधक श्री प्रियव्रत साहू, जिला अग्रणी बैंक मैनेजर श्री अभय पारे और अन्य बैंक प्रतिनिधि एवं सरकारी अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर ने शैक्षिक ऋण, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (SMI) वित्त पोषण, मुद्रा ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), डेयरी, मत्स्य पालन और पशुपालन से संबंधित ऋण प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निपटान, सरल और आसान ऋण उपलब्ध कराना, और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया।

साथ ही वित्तीय साक्षरता शिविरों के आयोजन, साइबर फ्रॉड से सुरक्षा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” अभियान की तीन माह की समीक्षा पर भी चर्चा हुई। बैठक में भारतीय स्टेट बैंक की बिछिया शाखा को तहसील बसना के ग्राम भंवरपुर में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव भी अनुमोदित किया गया।

बैठक में एनयूएलएम, एनआरएलएम, स्वयं सहायता समूह (SHG) बैंक ऋण लिंकेज, पीएमईजीपी, सीएमईजीपी, अंत्यावसायी एवं आदिवासी स्वरोजगार योजना, पीएम स्वनिधि और किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचाया जाए और लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।