महासमुंद। छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद खाद्य विभाग ने मिलावट के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में महासमुंद के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड प्रोडक्ट फैक्ट्री में खाद्य विभाग की टीम ने देर रात छापेमारी कर करीब 300 किलोग्राम तैयार पनीर जब्त कर सील कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में पनीर को लेकर शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने देर रात करीब 12 बजे कार्रवाई शुरू की। करीब तीन घंटे तक चली जांच के दौरान टीम ने मौके से तैयार पनीर जब्त किया और उसे सील कर दिया।
विभाग ने जब्त किए गए पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जब्त पनीर मानकों के अनुरूप है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों की जांच को लेकर अभियान जारी रहने की संभावना है।





