महासमुंद (छत्तीसगढ़)। जिले में वन भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 94 हेक्टेयर भूमि को कब्जा मुक्त कराया है। इस मामले में 52 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
52 लोगों पर कार्रवाई
वन विभाग के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में 40 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल हैं। यह सभी तमोरा बीट के कक्ष क्रमांक 95 और 96 के आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से कब्जा कर खेती कर रहे थे।
पेड़ कटाई कर बनाई जा रही थी जमीन
आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने हरे-भरे पेड़ों की कटाई कर वन भूमि को कृषि योग्य भूमि में बदल दिया था। इस पर कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 के तहत मामला दर्ज किया।
संयुक्त टीम की कार्रवाई
वन विभाग की इस कार्रवाई में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम भी शामिल रही। अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से इस क्षेत्र में अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं।
लगातार चल रहा अभियान
इससे पहले धमतरी जिले में भी वन विभाग ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी, जहां 116 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर कब्जे को हटाया गया था।
विभाग की सख्ती जारी
वन विभाग का कहना है कि वन भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और आगे भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।





