May 15, 2026

महासमुंद में नशे पर बड़ी कार्रवाई: करीब 10 क्विंटल गांजा नष्ट, कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये

महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 5 करोड़ रुपए मूल्य के करीब 10 क्विंटल गांजे का विधिवत नष्टीकरण किया है।

पुलिस के अनुसार विभिन्न थानों में दर्ज 18 एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त कुल 999.200 किलो (लगभग 10 क्विंटल) अवैध गांजा आज बालाजी प्लांट बेलसोण्डा में नष्ट किया गया।

ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में कार्रवाई
यह पूरी प्रक्रिया जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक महासमुंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और जिला आबकारी अधिकारी शामिल रहे। भौतिक सत्यापन के बाद शासन की गाइडलाइन के अनुसार नष्टीकरण की कार्रवाई पूरी की गई।

इसमें थाना कोमाखान के 7, बसना के 7, सांकरा का 1, सिंघोड़ा के 2 और पिथौरा का 1 प्रकरण शामिल है। इनमें 2 मामले वर्ष 2025 के और शेष 16 मामले वर्ष 2026 के हैं।

एक सप्ताह में 20 क्विंटल गांजा नष्ट
पुलिस ने बताया कि इससे पहले 11 अप्रैल 2026 को भी 3 मामलों में जब्त 996.660 किलो गांजा नष्ट किया गया था। इस तरह एक सप्ताह के भीतर लगभग 20 क्विंटल (करीब 10 करोड़ रुपए मूल्य) गांजे का नष्टीकरण किया जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, नष्ट किया गया गांजा करीब 10-10 ग्राम की लगभग 1 लाख पुड़िया के बराबर है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया गया है।