महासमुंद जिले में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि एक पीकअप वाहन में ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गनियारीपाली गांव स्थित NH-53 पर सिल्की ढाबा के सामने नाकेबंदी की।
जांच के दौरान पुलिस ने पीकअप वाहन क्रमांक MH16CD8741 को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में रखे खाली कैरेटों के पीछे बोरियों में छिपाकर रखा गया 226.600 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने वाहन में सवार दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अजिनाथ आश्रु जाधव (28) और अक्षय बारुक (32) के रूप में हुई है। दोनों महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के निवासी बताए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा को ओडिशा के बालिगुड़ा से लेकर अहमदनगर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, पीकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





