महासमुंद। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने केले की आड़ में गांजा तस्करी कर रहे झारखंड के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में ट्रक से 912.760 किलोग्राम (लगभग 9 क्विंटल 12 किलो) गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपए बताई जा रही है।
इसके साथ ही वाहन समेत जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपए आंकी गई है।
केले के बीच छिपाकर की जा रही थी तस्करी
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक ट्रक के जरिए गांजा की बड़ी खेप सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी की गई। जांच के दौरान आईशर प्रो 2059 (AP 39 TT 4556) ट्रक को रोका गया, जिसमें केले के बीच 29 बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
तस्करों ने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए वाहन पर ओडिशा और उत्तरप्रदेश के फर्जी नंबर प्लेट (OD 02 DJ 8517 और UP 93 CT 8365) भी लगाए थे, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
झारखंड का आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने झारखंड निवासी अब्दुल नईम (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि गांजा ओडिशा से लाकर उत्तरप्रदेश सप्लाई किया जाना था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
तस्करों पर लगातार शिकंजा
महासमुंद पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में 72 मामलों में 5629 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया है और 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें अधिकांश अन्य राज्यों के हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





