May 18, 2026

एम्बुलेंस में गांजा तस्करी का खुलासा, 20 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गांजा तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तस्करों ने एम्बुलेंस का इस्तेमाल कर अवैध कारोबार को अंजाम देने की कोशिश की। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एम्बुलेंस से 20 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक एम्बुलेंस के जरिए महाराष्ट्र गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम चरौदा मोड़ के पास नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।

इसी दौरान संदिग्ध एम्बुलेंस वहां पहुंची, जिसे रोककर पुलिस ने तलाशी ली। वाहन में सवार नागपुर निवासी सलमान खान (26) और शिराज पठान (39) से पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान एम्बुलेंस के पीछे रखी दो बोरियों में करीब 20 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर महाराष्ट्र में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो एम्बुलेंस, 6,800 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक 59 मामलों में कुल 3,367.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 16 करोड़ 79 लाख 33 हजार रुपये है। इन मामलों में अब तक 157 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 44 छत्तीसगढ़ और 113 अन्य राज्यों के निवासी शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान तेज किया जाएगा।