महासमुंद, 13 फरवरी 2026 – कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देश पर खनिज विभाग जिलेभर में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सतत कार्रवाई कर रहा है। 12 फरवरी को जोंक नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर मौके पर जांच की गई।
जांच में पाया गया कि जोंक नदी में बल्दीडीह के खसरा नंबर 628, रकबा 5.000 हेक्टेयर पर श्री रोहित साहू के नाम से स्वीकृत रेत खदान वैध रूप से 21 अक्टूबर 2024 से 20 अक्टूबर 2029 तक है। खनिज अमला मुराई धोवा नाला, जंघोरा, माटीदरहा, बिजेपुर और परसवानी क्षेत्रों में सतत निरीक्षण कर रहा है।
स्वीकृत खदानों से आवास निर्माण हेतु रेत की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ अवैध उत्खनन पर सख्त कार्रवाई भी जारी है। हाल ही में ग्राम पीढ़ी (महानदी क्षेत्र) में रात्रि के समय अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त कर थाना प्रभारी तुमगांव की अभिरक्षा में रखा गया। कलेक्टर के निर्देशानुसार अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिले में प्रभावी नियंत्रण हेतु खनिज अमला विशेष अभियान चलाकर निरंतर जांच करता रहेगा।




