पिथौरा। महासमुंद जिले के सरायपाली ब्लॉक स्थित जम्हारी हाईस्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। स्कूल में शिक्षकों की पदस्थापना की मांग को लेकर छात्र और पालक पिछले छह दिनों से स्कूल में ताला जड़कर धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शन के चलते स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित हो गई हैं।
150 छात्रों पर केवल तीन शिक्षक
जानकारी के अनुसार, जम्हारी हाईस्कूल में करीब 150 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन पूरे स्कूल में पढ़ाने के लिए केवल तीन शिक्षक ही उपलब्ध हैं। स्कूल में एक बाबू, तीन व्याख्याता (लेक्चरर) और एक प्रयोगशाला शिक्षक पदस्थ हैं। इनमें से एक व्याख्याता प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
कई विषयों के शिक्षक नहीं
स्कूल में कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। पर्याप्त शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों का कहना है कि बार-बार मांग करने के बावजूद शिक्षा विभाग ने अब तक नए शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की है।
9 जुलाई से जारी है आंदोलन
शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर छात्र और अभिभावक 9 जुलाई से स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
शिक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पालकों ने शिक्षा विभाग से जल्द से जल्द रिक्त पदों पर शिक्षकों की पदस्थापना करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और स्कूल में नियमित शैक्षणिक व्यवस्था बहाल हो सके।





