पिथौरा। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरायपाली ब्लॉक स्थित जम्हारी हाईस्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों और पालकों का आक्रोश फूट पड़ा। शुक्रवार सुबह विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, जम्हारी हाईस्कूल में कई विषयों के शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। आरोप है कि कई वर्षों से पद खाली होने के बावजूद शिक्षा विभाग ने अब तक स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की है।
शिक्षकों की पदस्थापना की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे छात्र-छात्राओं और पालकों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना है कि जब तक सभी रिक्त पदों पर स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
फिलहाल स्कूल परिसर के बाहर छात्र नारेबाजी कर रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।





