महासमुंद। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा पुराने काठी ढाबा के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े मुर्गी लोड ट्रक (आयशर 709) में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो पिकअप वाहन सड़क से नीचे उतरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
वाहन के केबिन में चालक बुरी तरह फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान जितेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो झलप के बरेकेल का निवासी था।
घटना की सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





