March 4, 2026

महासमुंद : ऑयल पॉम खेती को बढ़ावा देने 13 फरवरी को एक दिवसीय कार्यशाला

महासमुंद, 11 फरवरी 2026। जिले में ऑयल पॉम की खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में 13 फरवरी 2026 को कृषि विज्ञान केन्द्र, भलेसर महासमुंद में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला नेशनल मिशन ऑन एडीबल ऑयल–ऑयल पॉम योजना अंतर्गत उद्यानिकी विभाग द्वारा आयोजित होगी।

कार्यशाला में कृषि विज्ञान केन्द्र भलेसर के उद्यानिकी वैज्ञानिक, सहायक संचालक उद्यान एवं संबंधित विकासखंड अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में ऑयल पॉम रोपण कर चुके कृषकों के साथ-साथ खेती प्रारंभ करने वाले नए कृषक भी भाग लेंगे। लगभग 100 कृषक कार्यशाला में शामिल होंगे।

कार्यशाला के दौरान ऑयल पॉम की वैज्ञानिक पद्धति से खेती, रोपण तकनीक, देखरेख, उत्पादन एवं शासन की योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषकों की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।

उद्यानिकी विभाग ने जिले के सभी इच्छुक कृषकों से अपील की है कि जो किसान ऑयल पॉम की खेती में रुचि रखते हैं और योजना का लाभ लेना चाहते हैं, वे निर्धारित तिथि को कार्यशाला में अनिवार्य रूप से सहभागिता करें।