March 5, 2026

धान तस्करी पर प्रशासन का शिकंजा: 540 कट्टा धान से भरा ट्रक जब्त, तस्कर ट्रैक्टर छोड़कर फरार

हकीमुद्दीन नासिर, महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में जैसे-जैसे धान खरीदी अंतिम चरण में पहुंच रही है, वैसे-वैसे धान तस्कर भी सक्रिय हो गए हैं। हालांकि जिला प्रशासन की चप्पे-चप्पे पर नाकेबंदी के चलते तस्करों के हौसले अब पस्त होते नजर आ रहे हैं।

शनिवार अल सुबह ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्र में तस्करी कर लाया गया 540 कट्टा धान से भरा एक ट्रक टेमरी चेक पोस्ट पर पकड़ा गया। यह धान जिले की सोसायटियों में खपाने के उद्देश्य से लाया जा रहा था।

खेमड़ा क्षेत्र में ट्रैक्टर छोड़कर फरार हुए तस्कर

इसी दौरान खेमड़ा क्षेत्र में धान तस्करी कर रहे तस्कर प्रशासनिक टीम को देखते ही धान से भरी ट्रॉली मौके पर छोड़कर ट्रैक्टर का इंजन लेकर फरार हो गए। प्रशासन ने दोनों ही मामलों में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया है।

डिप्टी कलेक्टर ने दी जानकारी

महासमुंद के डिप्टी कलेक्टर शुभम देव ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहन और धान को कृषि उपज मंडी बागबाहरा के सुपुर्द कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डीजल खत्म होने से डेढ़ घंटे फंसा रहा ट्रक

कार्रवाई के दौरान एक दिलचस्प वाकया भी सामने आया। टेमरी नाका में पकड़े गए रायपुर पासिंग ट्रक CG 04 MF 7223 को जब कोमाखान थाना ले जाया जा रहा था, तभी पटपरपाली पेट्रोल पंप के पास ट्रक का डीजल खत्म हो गया। ट्रक करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर खड़ा रहा और चालक ने मजबूरी में हाथ खड़े कर दिए।

नाके पर तैनात नगर सैनिक ने तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना दी। बाद में मंडी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अपने पैसे से 20 लीटर डीजल डलवाकर ट्रक को बागबाहरा मंडी तक पहुंचाया गया।

कार्रवाई लगातार जारी रहेगी

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्पष्ट किया है कि ओडिशा सीमा से हो रही धान तस्करी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।