पिथौरा/महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र पुलिस ने धान खरीदी केंद्र पिरदा में हुए 4.50 करोड़ रुपये के बड़े घोटाले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह मामला वर्ष 2020-21 का है, जिसमें 17,210.72 क्विंटल धान की हेराफेरी कर शासन को लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि कन्हाई सेठ और राजकुमार पटेल लंबे समय से फरार थे। तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर 8 जून 2026 को दोनों को गिरफ्तार किया गया।
मामले की शिकायत 27 मार्च 2024 को प्रार्थी राजेश कुमार सिदार ने दर्ज कराई थी, जिसमें प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति पिरदा के धान उपार्जन केंद्र में भारी वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया गया था।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुर्म स्वीकार किया गया है और जांच के दौरान मिले दस्तावेजों से भी उनकी संलिप्तता स्पष्ट हुई है। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल भेजने का आदेश दिया गया।
इस कार्रवाई के साथ पुलिस अब मामले में बाकी बचे पहलुओं और संभावित अन्य संलिप्त लोगों की जांच भी आगे बढ़ा रही है।





