महासमुंद | 10 फरवरी 2026
महासमुंद जिले ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी और तेज क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान केवल 10 महीनों में जिले में कुल 27 हजार 441 आवासों का निर्माण पूर्ण किया गया है। इस उपलब्धि के साथ महासमुंद जिला प्रदेश स्तर पर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
जिले में बने आवासों में विभिन्न विकासखंडों का अहम योगदान रहा है। पिथौरा विकासखंड में सर्वाधिक 7,193, बागबाहरा में 6,102, महासमुंद में 5,775, सरायपाली में 5,062 और बसना में 3,309 आवासों का निर्माण पूरा किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप जिला प्रशासन गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और स्थायी मकान मिल रहे हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
योजना के क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन और जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार की सतत निगरानी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जनप्रतिनिधियों और मैदानी अमले के समन्वय से यह उपलब्धि हासिल हुई है। हितग्राहियों को समय पर तकनीकी मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता और निर्माण सामग्री उपलब्ध कराकर कार्यों में तेजी लाई गई।
जिले में आवास निर्माण की इस सफलता से हजारों परिवारों का पक्के मकान का सपना पूरा हुआ है। लाभान्वित परिवारों ने केंद्र और राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। जिला प्रशासन का कहना है कि आगे भी योजना का क्रियान्वयन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से जारी रहेगा, ताकि कोई भी पात्र परिवार आवास सुविधा से वंचित न रहे।





