July 23, 2026

4.56 करोड़ के गांजा तस्करी सिंडिकेट का सरगना यूपी से गिरफ्तार, महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पिथौरा। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसना पुलिस ने 4.56 करोड़ रुपये मूल्य के गांजा तस्करी सिंडिकेट के मुख्य सरगना और नशा माफिया विनय शर्मा उर्फ पंडित जी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क संचालित कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक वाहन को रोका गया था। जांच में वाहन में कच्चे केलों के नीचे छिपाकर रखी गई 29 प्लास्टिक बोरियों से 912.760 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई थी। मौके से चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई थीं।

जांच में पता चला कि गांजे की खेप ओडिशा के कंधमाल से लोड होकर उत्तर प्रदेश के शामली भेजी जा रही थी। मामले की विवेचना और तकनीकी विश्लेषण के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ तथा मोबाइल डेटा की जांच में विनय शर्मा का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे पूरे नेटवर्क का मुख्य रिसीवर और फाइनेंसर पाया।

इसके बाद बसना थाना की विशेष टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और 17 जून को शामली से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 50 वर्षीय विनय शर्मा शराब, भांग और गांजा के अवैध कारोबार का बड़ा सरगना है। वह कई राज्यों में संचालित शराब ठेकों की आड़ में अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का संचालन कर रहा था।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को शामली की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस उसे पूछताछ के लिए महासमुंद ला रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

इस मामले में महासमुंद पुलिस अब तक तस्करी श्रृंखला के सप्लायर से लेकर रिसीवर तक सभी प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने कुल 912.760 किलोग्राम गांजा, एक आयशर प्रो 2059 मालवाहक वाहन और चार फर्जी नंबर प्लेट जब्त की हैं।