महासमुंद। रेलवे स्टेशन महासमुंद के टिकट काउंटर पर लापरवाही का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में आरोप लगाया गया है कि काउंटर पर तैनात कर्मचारी राहुल शर्मा अक्सर काउंटर छोड़कर चले जाते हैं, जिससे यात्रियों को टिकट लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

वायरल वीडियो में टिकट काउंटर खाली दिखाई दे रहा है, जबकि यात्रियों की लंबी कतार लगी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है और ठेका पद्धति के कर्मचारियों के भरोसे व्यवस्था चलने से यात्रियों को लगातार दिक्कत हो रही है।

डीआरएम ने जांच के दिए निर्देश
मामले को सोशल मीडिया पर रेलवे के आधिकारिक हैंडल्स पर टैग कर शिकायत की गई थी। इसके बाद रेलवे सेवा की ओर से प्रतिक्रिया देते हुए असुविधा के लिए खेद जताया गया और शिकायत रेल मदद पोर्टल या हेल्पलाइन 139 पर दर्ज करने की सलाह दी गई। वहीं डीआरएम संबलपुर ने संबंधित विभाग को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

यात्रियों की बढ़ी परेशानी
रेलवे की ओर से जवाब आने के बावजूद स्टेशन की स्थिति में तत्काल सुधार नहीं देखा गया है। यात्रियों का कहना है कि केवल ऑनलाइन कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि स्टेशन पर नियमित उपस्थिति और व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए और टिकट काउंटर की व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।





