March 4, 2026

महासमुंद: आरबीसी 6-4 के तहत 8 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत, दो मृतकों के परिजनों को मिलेगा अनुदान

महासमुंद | 10 फरवरी 2026

महासमुंद जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत देते हुए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के तहत दो मृतकों के परिजनों के लिए कुल 08 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। प्रत्येक प्रकरण में चार-चार लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम मुनगासेर निवासी मनीष बरिहा की पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। इस घटना में मृतक की माता श्रीमती नर्मदा बरिहा को शासन की ओर से 04 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

वहीं पिथौरा विकासखंड के ग्राम कोल्दा निवासी श्री सदानंद चक्रधारी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी। इस प्रकरण में उनकी पत्नी श्रीमती गायत्री चक्रधारी को भी 04 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत देना शासन की प्राथमिकता है, ताकि संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके। प्रशासन द्वारा सहायता राशि का शीघ्र वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।