May 15, 2026

महासमुंद में ACB की बड़ी कार्रवाई: सरपंच 1 लाख रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

महासमुंद। जिले के ग्राम पंचायत बेमचा में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरपंच Devendra Chandrakar को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को प्रार्थी से 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप कर पकड़ा गया

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सूरज राम रात्रे ने एसीबी रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी पत्नी के नाम पर ग्राम बेमचा स्थित मकान के निर्माण के लिए पूर्व में एनओसी जारी की गई थी, जिसे वर्तमान सरपंच ने निरस्त कर दिया। इसके बाद पुनः अनुमति देने के एवज में 4 लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी सरपंच ने मोलभाव कर रिश्वत की राशि 3.80 लाख रुपये तय की, जिसमें से 50 हजार रुपये पहले ही ले चुका था।

16 अप्रैल को एसीबी टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी को रिश्वत की अगली किश्त के रूप में 1 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।