May 13, 2026

महासमुंद में शातिर चोर गिरफ्तार, 32 लाख से अधिक के सोने-चांदी के जेवर बरामद

महासमुंद। जिले की पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले में सफलता हासिल करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, बाइक और मोबाइल समेत कुल 32 लाख 38 हजार 900 रुपये का सामान बरामद किया गया है।

मामला बगारपाली निवासी ओमप्रकाश ठाकुर की शिकायत से जुड़ा है, जिन्होंने 27 अप्रैल 2026 की सुबह अपने घर से करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान वाहन चेकिंग में पुलिस ने पंचराम उर्फ पंचु निषाद (38 वर्ष), निवासी चंदली थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी दुर्ग और जांजगीर-चांपा सहित कई जिलों में चोरी के मामलों में शामिल रहा है। वह न्यायिक रिमांड के दौरान इलाज के बहाने फरार भी हो चुका है।

जांच में सामने आया कि आरोपी सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। वह निर्माणाधीन घरों को निशाना बनाता और कम कीमत में सामग्री दिलाने का झांसा देकर घर में प्रवेश करता, फिर मौका पाकर जेवरात चोरी कर लेता था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी जिले में 20 से अधिक चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। चोरी के बाद वह जेवरात को अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों में बेच देता था। पुलिस ने कुछ ज्वेलरी कारोबारियों से भी चोरी का सामान बरामद किया है और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

बरामद सामान में 16 तोला सोने के आभूषण (कीमत 25,52,200 रुपये), 2 किलो 585.94 ग्राम चांदी (कीमत 6,41,700 रुपये), एक मोटरसाइकिल (30 हजार रुपये) और मोबाइल फोन (5 हजार रुपये) शामिल हैं।