महासमुंद जिले में विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट की प्रक्रिया तेज करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यूडाईस 2025-26 के अंतर्गत जिले में अब भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है, जिसे पूरा करने के लिए स्कूलों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
6 फरवरी 2026 की स्थिति में जिले में कुल 30,587 विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है। इसे शीघ्र पूरा करने के लिए यूआईडीएआई से समन्वय कर डाटा अपडेट किया जाएगा और उसकी प्रविष्टि यूडाईस पोर्टल पर की जाएगी। अभियान के तहत 20 से अधिक लंबित बायोमेट्रिक वाले 352 विद्यालयों का चयन किया गया है, जहां लगभग 21,406 विद्यार्थियों का अपडेट किया जाएगा।
जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा रेखराज शर्मा ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और बीआरसी-बीईओ को निर्देश दिए हैं कि पालकों और विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए ताकि अधिक से अधिक छात्र शिविर में पहुंचकर बायोमेट्रिक अपडेट करवा सकें। विकासखंड स्तर पर बीआरसी और संकुल स्तर पर संकुल समन्वयकों को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
पूरे अभियान की प्रतिदिन निगरानी जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद करेंगे। पहले चरण में 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों पर विशेष फोकस रहेगा ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।
यूआईडीएआई द्वारा यूडाईस पोर्टल पर अपडेट की सुविधा भी दी गई है। निर्देशानुसार 7 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का बायोमेट्रिक एक साल तक निःशुल्क किया जाएगा, जबकि 5 से 7 वर्ष और 17 वर्ष आयु वर्ग के लिए यह सुविधा पहले से ही मुफ्त है। शिविर स्थलों पर आवश्यक दस्तावेज और शुल्क संबंधी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।




