March 4, 2026

महासमुंद: विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 12 फरवरी से 10 मार्च तक विशेष शिविर

कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में 5 से 7 वर्ष एवं 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के छूटे हुए विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 12 फरवरी से शुरू होकर 10 मार्च 2026 तक चलेगा।

इस अभियान के तहत जिले के 32 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में आधार ऑपरेटरों के माध्यम से विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक अपडेट किया जाएगा। शिविर संचालन के लिए विकासखंड स्तर पर बीआरसी तथा संकुल स्तर पर संकुल समन्वयकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा महासमुंद द्वारा संकुल समन्वयकों एवं आधार ऑपरेटरों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी विद्यालयों को व्यापक प्रचार-प्रसार करने कहा गया है ताकि अधिक से अधिक छूटे हुए विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

इसी क्रम में आगामी सप्ताह में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के नवीन आधार पंजीयन हेतु आंगनबाड़ी केंद्रों में भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह कार्य महिला एवं बाल विकास विभाग एवं पोस्ट ऑफिस के आधार ऑपरेटरों के सहयोग से किया जाएगा।

कलेक्टर द्वारा इन समस्त कार्यों की नियमित समीक्षा समय-सीमा बैठकों में की जाएगी।