महासमुंद। जिले में ट्रांसपोर्टरों के साथ मारपीट, धमकी और अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ हाइवा परिवहन कल्याण संघ ने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपकर एक पुलिसकर्मी और उसके भाई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो हाइवा वाहनों को खड़ा कर चक्काजाम किया जाएगा।
संघ के आवेदन के अनुसार, 15 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत नांदगांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालक और ऑपरेटर मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान गुलशन जांगड़े नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए ड्राइवर को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उसने खुद को प्रभावशाली बताते हुए अपने भाई अजय जांगड़े के पुलिस विभाग में होने और राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर डराया।
संघ पदाधिकारियों का आरोप है कि गुलशन जांगड़े ने 10 लाख रुपए की मांग की और रकम नहीं देने पर झूठे मामलों में फंसाने तथा जेल भेजने की धमकी दी। बाद में सिटी कोतवाली में पदस्थ आरक्षक अजय जांगड़े भी मौके पर पहुंचा और दोनों भाइयों ने हाइवा मालिक पुरन निर्मलकर, कमल साहू और तुषार साहू को थाना ले जाकर कथित रूप से लॉकअप में बंद कर रातभर दबाव बनाया।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार अग्रवाल, सचिव प्रदीप चंद्राकर सहित अन्य पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि आरोपियों ने खुद को राजनीतिक रूप से मजबूत बताते हुए जनप्रतिनिधियों तक को धमकाने की बात कही।
ट्रांसपोर्टरों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरक्षक अजय जांगड़े को निलंबित करने और दोनों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।






