महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुरा एनीकट में सोमवार दोपहर मछली पकड़ने के दौरान एक युवक तेज पानी के बहाव में बह गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजन मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर निवासी रामेश्वर निषाद (21) पिता दसरू निषाद सोमवार दोपहर करीब 2 बजे गोपालपुरा एनीकट में मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में बह गया।
बचाने की कोशिश रही नाकाम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पास में मौजूद तिरथ निषाद ने लकड़ी के सहारे रामेश्वर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की तेज धारा के कारण वह सफल नहीं हो सका। देखते ही देखते युवक पानी में ओझल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम
घटना की सूचना मिलते ही तुमगांव पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। हालांकि नदी में पानी का बहाव और दबाव अत्यधिक होने के कारण सुरक्षा कारणों से रेस्क्यू दल तत्काल पानी में नहीं उतर सका।
प्रशासन द्वारा युवक की तलाश के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जुटे हुए हैं।
फरवरी में हुई थी शादी
परिजनों ने बताया कि रामेश्वर निषाद की शादी इसी वर्ष फरवरी माह में हुई थी। वह चार बहनों और तीन भाइयों के परिवार में छठे नंबर का सदस्य था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।





