महासमुंद, 10 फरवरी 2026: छत्तीसगढ़ शासन की जल जीवन मिशन योजना ने महासमुंद जिले के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पंचायत टेड़ीनारा के सोहागपुर में हर घर नल जल का सपना साकार कर दिया है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने यहां स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति के लिए 54 लाख 38 हजार रुपए की लागत से 40 किलो लीटर क्षमता वाला उच्च स्तरीय जलागार बनाया। साथ ही गांव में 2800 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर और 140 घरेलू नल कनेक्शन प्रदान कर हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुँचाने का लक्ष्य पूरा किया गया। दिसंबर 2025 में सोहागपुर को हर घर जल ग्राम के रूप में घोषित किया गया।
पहले ग्रामीण हैंडपंप, पावर पंप और कुओं पर निर्भर थे। बरसात में महिलाओं को दूर से पानी लाने में कठिनाई होती थी। अब घर तक पानी पहुँचने से महिलाओं का समय बच रहा है, जिससे वे अपने आजीविका, बच्चों और परिवार की देखभाल पर ध्यान दे पा रही हैं। पूरे गांव के लिए रोजाना पानी की व्यवस्था में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिली है।
जल जीवन मिशन के इस प्रयास से न केवल पेयजल की सुविधा सुनिश्चित हुई है, बल्कि ग्रामीण जीवन में सुविधा, स्वास्थ्य और समय की बचत भी सुनिश्चित हुई है।





