September 4, 2026

महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी, रक्षाबंधन से पहले 67 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में पहुंचे 631 करोड़

रायपुर। रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को साय सरकार ने बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में प्रदेश की 67.28 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 631 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि अंतरित की है। सरकार के मुताबिक, इस आर्थिक सहायता का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है।

हर महीने मिलती है 1 हजार रुपये की सहायता

महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में DBT के माध्यम से दी जाती है। सरकार का कहना है कि महिलाएं इस राशि का उपयोग राशन, दवाइयों, बच्चों की पढ़ाई, कपड़ों और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए कर रही हैं।

नियमित रूप से मिलने वाली इस राशि से महिलाओं को अपने छोटे-बड़े खर्चों के लिए परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है।

रक्षाबंधन से पहले किस्त मिलने से बढ़ी खुशी

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पेंड्री की अनिता कश्यप ने बताया कि योजना की राशि उनके बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतों में काफी उपयोगी साबित होती है। रक्षाबंधन से पहले खाते में राशि पहुंचने से त्योहार की खुशी और बढ़ गई।

नारायणपुर की 27 हजार से ज्यादा महिलाओं को लाभ

महतारी वंदन योजना का लाभ प्रदेश के दूरस्थ इलाकों तक भी पहुंच रहा है। नारायणपुर जिले में 27,272 पात्र महिलाओं को DBT के जरिए नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है। इनमें प्रथम चरण की 26,710 महिलाएं और नियद नेल्लानार क्षेत्र की 562 अतिरिक्त पात्र महिलाएं शामिल हैं।

सरकार के अनुसार, योजना शुरू होने से अब तक जिले में 30 किस्तों के जरिए 74 करोड़ 66 लाख 42 हजार 300 रुपये महिलाओं के खातों में जमा किए जा चुके हैं।

स्थानीय बाजारों को भी मिल रहा फायदा

सरकार का दावा है कि महिलाओं के हाथ में नियमित आर्थिक संसाधन पहुंचने से इसका असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं राशन, घरेलू सामान और अन्य जरूरतों पर राशि खर्च कर रही हैं, जिससे छोटे दुकानदारों और स्थानीय बाजारों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।

महिला सशक्तिकरण पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया है। सरकार का कहना है कि महतारी वंदन योजना सिर्फ आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, आर्थिक स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना भी है।

रक्षाबंधन से पहले 31वीं किस्त के रूप में मिली यह राशि प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए आर्थिक राहत के साथ त्योहार की खुशियों की सौगात भी बनी है।