रायपुर। महतारी वंदन योजना से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। योजना का लाभ अब तक नहीं ले पाई पात्र विवाहित महिलाओं के लिए राज्य सरकार जल्द ही पोर्टल फिर से खोलने जा रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि मुख्यमंत्री की अनुमति मिल चुकी है और अगले एक सप्ताह के भीतर पोर्टल शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि पोर्टल खोलने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी। सबसे पहले बस्तर संभाग के जिलों में आवेदन और पंजीयन की सुविधा शुरू होगी। इसके बाद प्रदेश के अन्य संभागों में भी पोर्टल खोला जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र महिलाएं योजना से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उन महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाना है, जो किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर सकी हैं या जिनका नाम लाभार्थी सूची में शामिल नहीं हो पाया है।
गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार में उनकी भागीदारी बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग देना है।
पोर्टल दोबारा शुरू होने के बाद पात्र महिलाएं आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकेंगी। आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।
सरकार का प्रयास है कि महतारी वंदन योजना का दायरा बढ़ाकर अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को इसका लाभ उपलब्ध कराया जाए। पोर्टल खुलने की खबर से उन महिलाओं में उत्साह है, जो लंबे समय से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रही थीं।





