July 29, 2026

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल, बच्चों के भविष्य के लिए कर रहीं बचत

रायपुर। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके परिवार और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने में भी मददगार साबित हो रही है।

सुशासन तिहार के अंतर्गत बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने योजना की हितग्राहियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने।

हितग्राही रुखमनी पाल ने बताया कि उनके पति दिलेश्वर पाल मजदूरी कार्य करते हैं और परिवार की आय सीमित है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि को वे अपनी दो बेटियों के भविष्य के लिए जमा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना से उन्हें आर्थिक संबल मिला है और बच्चों की पढ़ाई व जरूरी जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिल रही है।

वहीं, योजना की एक अन्य हितग्राही धनमता पाल ने बताया कि उन्हें प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो रही है। उनके पति होरीलाल पाल मजदूरी करते हैं। वे इस राशि को अपने दो बच्चों के नाम पर जमा कर रही हैं, ताकि भविष्य में उनकी शिक्षा और अन्य जरूरतों के लिए आर्थिक परेशानी न हो।

धनमता पाल ने कहा कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि ने परिवार को राहत दी है। बच्चों के भविष्य को लेकर उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे बचत की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं।

हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रही है।