July 23, 2026

मैनपाट में बाइकर गैंग पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 60 बाइक जब्त; मॉडिफाइड साइलेंसर और स्टंटबाजी पर शिकंजा

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट में तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और मॉडिफाइड साइलेंसर से हुड़दंग मचाने वाले बाइकर गैंग पर कमलेश्वरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अभियान चलाकर 60 बाइकों को जब्त किया और उनके चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से मैनपाट में बाइकर गैंग की गतिविधियां लगातार बढ़ रही थीं। युवक समूह बनाकर तेज गति से बाइक चलाते थे और पटाखों जैसी तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर्स का इस्तेमाल कर पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशान कर रहे थे।

शिकायतों के बाद चला विशेष अभियान

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कमलेश्वरपुर पुलिस ने पर्यटन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कई बाइक चालकों को पकड़ा गया और उनकी गाड़ियां जब्त की गईं।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि बिना वैध दस्तावेज, मॉडिफाइड साइलेंसर, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाने की बात कही है।