March 4, 2026

13 से 15 फरवरी तक सजेगा ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ मैनपाट, महोत्सव में दिखेगा संस्कृति और सितारों का संगम

सरगुजा, 10 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में स्थित प्रसिद्ध हिल स्टेशन मैनपाट एक बार फिर सैलानियों और कला प्रेमियों से गुलजार होने जा रहा है। रोपाखार जलाशय के समीप 13 से 15 फरवरी तक तीन दिवसीय ‘मैनपाट महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य मैनपाट को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाना है।

मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ, सितारों से सजेगी शाम

महोत्सव का शुभारंभ 13 फरवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में होगा। पहले दिन भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। उनके साथ छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा का प्रसिद्ध छऊ नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा।

14 फरवरी को लोकगायिका अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार अपनी आवाज से समां बांधेंगी। वहीं समापन दिवस 15 फरवरी को बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर मुख्य आकर्षण होंगी। इस दिन रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव भी प्रस्तुति देंगे।

साहसिक खेल और स्थानीय स्वाद

मैनपाट महोत्सव केवल संगीत तक सीमित नहीं रहेगा। पर्यटकों के लिए बोटिंग, साहसिक खेल, पारंपरिक दंगल, फूड ज़ोन और विकास प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। यहां सरगुजा के पारंपरिक व्यंजनों और तिब्बती हस्तशिल्प का विशेष आकर्षण रहेगा।

मैनपाट के प्रमुख आकर्षण

अंबिकापुर से लगभग 75 किलोमीटर दूर समुद्र तल से 3,781 फीट की ऊंचाई पर स्थित मैनपाट को ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ और ‘छोटा तिब्बत’ कहा जाता है। यहां बौद्ध मंदिर, टाइगर पॉइंट, जलजली, मछली पॉइंट, मेहता पॉइंट और उल्टा पानी जैसे पर्यटन स्थल सैलानियों को आकर्षित करते हैं।

स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच

महोत्सव में नामी कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों को भी मंच दिया जाएगा। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन में आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा, पार्किंग और पर्यटकों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मैनपाट महोत्सव 2026 न केवल मनोरंजन बल्कि पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं के संवर्धन का बड़ा मंच बनने जा रहा है।