July 23, 2026

मैनपाट में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट से विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के कुनिया गांव निवासी मिनी यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष उसे फंदे से उतारकर अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, मिनी यादव की शादी चार साल पहले अनुज यादव से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में कार की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। उनका कहना है कि इसी प्रताड़ना के चलते मिनी की हत्या की गई।

घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष अस्पताल पहुंचा और मैनपाट में पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों ने मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।