March 4, 2026

नवा रायपुर बनेगा देश का हेल्थकेयर हब, बॉम्बे हॉस्पिटल से 680 करोड़ का निवेश, मेडिसिटी को मिलेगी नई रफ्तार

रायपुर:
नवा रायपुर को देश के प्रमुख हेल्थकेयर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में छत्तीसगढ़ को बड़ी उपलब्धि मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में देश के प्रतिष्ठित बॉम्बे हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर और नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (NRDA) के बीच 15 एकड़ भूमि के लीज एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए।

यह समझौता नवा रायपुर में प्रस्तावित मेडिसिटी परियोजना को नई गति देगा और राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करेगा।

चार माह में पूरी हुई प्रक्रिया, बना नया बेंचमार्क

राज्य सरकार द्वारा 24 सितंबर 2025 को निवेश आमंत्रण जारी किए जाने के बाद मात्र चार माह के भीतर भूमि चिन्हांकन, स्वीकृतियां और रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी कर ली गई, जो छत्तीसगढ़ की तेज़ और भरोसेमंद प्रशासनिक कार्यप्रणाली का उदाहरण है।

यह परियोजना हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ निवेश के क्षेत्र में भी राज्य की मजबूत छवि प्रस्तुत करती है।

680 करोड़ से बनेगा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल

NRDA द्वारा आबंटित 15 एकड़ भूमि पर बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट करीब ₹680 करोड़ की लागत से 300 बिस्तरों का अत्याधुनिक मल्टी सुपर-स्पेशलिटी हॉस्पिटल स्थापित करेगा। यह बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट का देश में चौथा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल होगा।

वर्तमान में ट्रस्ट के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल मुंबई, इंदौर और जयपुर में सफलतापूर्वक संचालित हैं।

मरीजों को मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधा

नवा रायपुर में बनने वाले बॉम्बे हॉस्पिटल में कार्डियक साइंसेज, कैंसर ट्रीटमेंट, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, क्रिटिकल केयर, ऑर्गन ट्रांसप्लांट जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।

इसके शुरू होने से छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों के मरीजों को इलाज के लिए मुंबई या दिल्ली पलायन नहीं करना पड़ेगा।

500 से ज्यादा लोगों को मिलेगा रोजगार

इस परियोजना से 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिनमें डॉक्टर, सर्जन, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और मेडिकल टेक्नीशियन शामिल होंगे।

साथ ही हेल्थकेयर सप्लाई चेन और सहयोगी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अप्रत्यक्ष रोजगार भी पैदा होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री बोले — मेडिसिटी सपना होगा साकार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल की स्थापना से नवा रायपुर में मेडिसिटी का सपना साकार होने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया गया है।

उन्होंने कहा,
“प्रदेशवासियों को अब अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का निवेश करना छत्तीसगढ़ की नीतिगत स्थिरता, तेज निर्णय क्षमता और निवेशक-अनुकूल वातावरण पर विश्वास का प्रमाण है।

औद्योगिक नीति का प्रत्यक्ष परिणाम

यह परियोजना छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के अंतर्गत स्वास्थ्य जैसे रणनीतिक क्षेत्रों को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहनों और समयबद्ध क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष परिणाम है। इससे नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया के प्रमुख हेल्थकेयर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, NRDA के सीईओ चंदन कुमार, बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट के चेयरमैन भरत तापड़िया, सचिव श्याम सहित शासन एवं ट्रस्ट के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।