ICCसीसी अलर्ट के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, राइस मिलर–समिति प्रबंधकों की मिलीभगत उजागर, कई आरोपी फरार।
✍️ मुंगेली |
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में धान की अवैध ओवरलोडिंग और रिसाइक्लिंग की शिकायतों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों के घोटाले का पर्दाफाश किया है। आईसीसीसी मार्कफेड रायपुर से मिले अलर्ट के बाद जांच में सामने आया कि धान उठाव करने वाले वाहनों द्वारा वास्तविक क्षमता से 200 प्रतिशत से लेकर 1116 प्रतिशत तक ओवरलोडिंग कर अवैध परिवहन किया जा रहा था।
कलेक्टर कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए धान खरीदी और परिवहन में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़े का खुलासा किया। जांच में राइस मिलरों, समिति प्रबंधकों और अन्य लोगों की मिलीभगत से शासन को 8 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचाने का मामला सामने आया है।
इस गंभीर प्रकरण में विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज कर 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
🔍 फर्जी दस्तावेज, पीडीएस चावल की हेराफेरी और झूठा परिवहन
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जानबूझकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए, पीडीएस चावल का सही वितरण नहीं किया और फर्जी वाहन नंबरों से धान का परिवहन दिखाया। वास्तविक मात्रा से अधिक उठाव दर्शाकर शासन को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
करीब 11 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी और परिवहन में गड़बड़ी के प्रमाण मिले हैं।
- नवागांव घुठेरा समिति ने उपलेटा राइस मिल से मिलकर 74 जीपीएस युक्त और 40 से अधिक बिना जीपीएस वाहनों से परिवहन कराया।
- सिंघनुपरी केंद्र ने एसएस फूड के साथ मिलकर 4,542 क्विंटल धान बिना जीपीएस वाहनों में भेजा।
- छटन उपार्जन केंद्र ने दीपक व नवकार मिल से मिलकर 3,589 क्विंटल का अवैध परिवहन किया।
- झगरहट्टा केंद्र ने वर्धमान राइस मिलर्स के साथ मिलकर गड़बड़ी की।
इन मामलों में उपलेटा और वर्धमान राइस मिल के संचालक, समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल सत्तार, विकास पांडेय, महावीर जैन, संतोष साहू, श्रीधर परिहार, मोहम्मद यूसुफ और गेंदलाल साहू शामिल हैं।
वहीं अब्दुल समद, ललित जैन, नावेद मेनन और अनिल जांगड़े फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
🚔 अन्य थानों में भी केस दर्ज
थाना फास्टरपुर में अपराध क्रमांक 12/2026 और थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 09/2026 के तहत भी धोखाधड़ी और फर्जी परिवहन के मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
प्रशासन ने साफ किया है कि धान खरीदी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
🏭 गणेश मिनरल्स राइस मिल सील, 5.5 करोड़ का धान गायब
कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर सरगांव-पेंड्री स्थित गणेश मिनरल्स राइस मिल में संयुक्त दल ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए और डीवीआर जब्त किया गया।
ऑनलाइन रिपोर्ट में जहां 2,41,896 कट्टी धान दर्ज था, वहीं भौतिक सत्यापन में सिर्फ 1,97,458 कट्टी ही मिला।
इस तरह 44,438 कट्टी (लगभग 17,775 क्विंटल) धान कम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया और विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
⚖️ कलेक्टर का सख्त संदेश
कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि धान उपार्जन और भंडारण में किसी भी तरह की लापरवाही, भ्रष्टाचार या हेराफेरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





