रायगढ़:
रायगढ़ जिले में पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी मुहिम चलाते हुए बुधवार को शहर और आसपास के इलाकों में 24 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस व्यापक अभियान में पुलिस ने 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि करीब 4 करोड़ 90 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है।
एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देशन में चला अभियान
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन में चलाया गया। सिटी कोतवाली पुलिस ने लाखा क्षेत्र में तीन स्थानों पर दबिश देकर दो 10 चक्का ट्रक, दो माजदा और एक बोलेरो वाहन में लोड अवैध कबाड़ जब्त किया।
वहीं ग्राम चिराईपानी रोड किनारे सिकंदर कबाड़ के गोदाम से करीब 46 टन कबाड़ बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। जब्त सामग्री में वाहनों के पार्ट्स, लोहे के पाइप, सरिया, एंगल, खाली सिलेंडर और हाइड्रोलिक मशीनें शामिल हैं।
पूंजीपथरा और पुसौर में भी बड़ी कार्रवाई
पूंजीपथरा पुलिस टीम ने छह अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन ट्रकों के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। यहां से करीब 67 टन अवैध कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 34 लाख रुपये आंकी गई है।
वहीं पुसौर क्षेत्र में तीन स्थानों पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को पकड़ा गया और एक टाटा 710 वाहन के साथ 4 टन से अधिक कबाड़ जब्त किया गया।
जिलेभर में एक साथ दबिश
इसके अलावा चक्रधरनगर, भूपदेवपुर, कोतरारोड़, खरसिया, धरमजयगढ़ और तमनार क्षेत्रों में भी पुलिस ने एक साथ कार्रवाई की।
कुल मिलाकर पुलिस ने—
- 14 वाहन जब्त किए
- 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया
- 120 टन 331 किलो अवैध कबाड़ बरामद किया
- जिसकी कुल कीमत करीब 4 करोड़ 90 लाख 54 हजार रुपये आंकी गई है।
अवैध कारोबार पर जारी रहेगा अभियान
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया है।
उन्होंने कहा, “अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में गैरकानूनी गतिविधियों पर किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
पुलिस की इस कार्रवाई को रायगढ़ जिले में अवैध कारोबार और अपराध पर लगाम कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।





