September 5, 2026

मलकानगिरी में माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, हथियार और IED समेत भारी मात्रा में सामान बरामद

जगदलपुर। ओडिशा के मलकानगिरी जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स (DVF) ने बुधवार तड़के ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर माओवादियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है। बरामदगी में देसी बंदूकें, IED, क्लेमोर माइन और माओवादी सामग्री शामिल है।

आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी पर ऑपरेशन

जानकारी के मुताबिक, आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से पूछताछ के आधार पर DVF की टीम ने मथिली थाना क्षेत्र के चेरकोटला, किर्मिती, कोटवापादर और कडाभाटा के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। यह क्षेत्र छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के दरभा और सुकमा जिले के पुषपाल थाना क्षेत्र से लगा हुआ है।

3 देसी बंदूक और कई IED बरामद

सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने तीन देसी बंदूकें, 5 किलो, 3 किलो और 2 किलो वजन के कई IED, दो क्लेमोर माइन, कोडेक्स वायर, माओवादी बैनर समेत बड़ी मात्रा में अन्य सामान बरामद किया।

बरामद विस्फोटक और अन्य सामग्री को सुरक्षा बलों ने सुरक्षित तरीके से कब्जे में लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

सीमा क्षेत्र में बढ़ाई गई सुरक्षा

ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से लगा यह इलाका लंबे समय से माओवादी गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है। ऐसे में माओवादी डंप की बरामदगी को सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। कार्रवाई के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।