May 15, 2026

पत्नी से नाराज युवक 400 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा, घंटों बाद सुरक्षित रेस्क्यू

400 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, इलाके में मचा हड़कंप
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत जिल्दा गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक 33 केवी हाईटेंशन लाइन के करीब 400 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर की चोटी पर बैठे देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पत्नी से नाराज होकर उठाया खतरनाक कदम
पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय युवक केवल सिंह आयाम अपनी पत्नी से नाराज था। उसकी पत्नी पिछले 3-4 दिनों से गांव में आयोजित एक शादी समारोह में अपने रिश्तेदार के यहां गई हुई थी और वापस नहीं लौटी थी। इसी बात से नाराज होकर युवक ने गुस्से में आकर यह खतरनाक कदम उठा लिया।

2-3 घंटे तक टावर पर बैठा रहा, समझाइश जारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक करीब 2 से 3 घंटे तक टावर के ऊपर ही बैठा रहा। इस दौरान नीचे खड़े परिजन और ग्रामीण लगातार उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।

बिजली सप्लाई बंद कर शुरू किया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बिजली विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई गई, ताकि किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके। इसके बाद संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतारा गया युवक
काफी देर तक चली समझाइश और प्रयासों के बाद आखिरकार पुलिस और प्रशासन की टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी की निगाहें रेस्क्यू पर टिकी रहीं।

पुलिस की पूछताछ जारी, युवक सुरक्षित
पुलिस ने बताया कि युवक पूरी तरह सुरक्षित है और फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।