March 4, 2026

धान प्रबंधन में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर मॉडल: प्रशासनिक दक्षता और नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण

एमसीबी, 13 फरवरी 2026 – धान खरीदी विपणन वर्ष 2025-26 में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले ने धान उपार्जन और उठाव प्रक्रिया को प्रभावी और पारदर्शी ढंग से संचालित किया, जो प्रशासनिक दक्षता और किसान-केंद्रित नेतृत्व का एक उभरता मॉडल बनकर सामने आया है।

इस वर्ष जिले के 19,058 किसानों से 8,79,848 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया, जिसमें से 3,06,170 क्विंटल (34.84%) का उठाव सफलतापूर्वक पूरा हुआ। प्रशासन ने संसाधन प्रबंधन, ट्रकों की समयबद्ध उपलब्धता और मिलों तक सीधी आपूर्ति सुनिश्चित कर उपार्जन केंद्रों पर दबाव कम किया। डिजिटल मॉनिटरिंग और नियमित समीक्षा बैठकों ने निर्णय प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाया।

किसान-केंद्रित दृष्टिकोण और स्पष्ट नीति-निर्देशन ने खरीदी और उठाव की प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया, जिससे किसानों को भुगतान और मूल्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई। चुनौतियों के समाधान के लिए अतिरिक्त संसाधनों और श्रमिकों की व्यवस्था की गई।

इस अभियान से न केवल किसानों का विश्वास बढ़ा बल्कि स्थानीय रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर मॉडल यह दर्शाता है कि नीति, नेतृत्व, संसाधन प्रबंधन और सतत मॉनिटरिंग के समन्वय से बड़े कृषि अभियानों को सफलता पूर्वक संचालित किया जा सकता है।