May 19, 2026

मनेन्द्रगढ़ के च्यूल गांव में सुनसान घर में नवजात बच्ची मिली, स्वास्थ्य विभाग ने भर्ती किया

मनेन्द्रगढ़। जनपद पंचायत भरतपुर के च्यूल गांव में एक खाली पड़े घर में नवजात शिशु मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि एक महिला ने सुनसान घर में बच्चे को जन्म दिया और इसके बाद फरार हो गई।

ग्रामीणों ने नवजात को सुरक्षित बाहर निकालकर स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे उप स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ और आरएचओ एनएम (स्वास्थ्य कर्मी) ने बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती कराया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्ची स्वस्थ है और उसकी निगरानी की जा रही है। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ रेफर किया गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर महिला का पता लगाया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।