मनेंद्रगढ़। नगर पंचायत जनकपुर क्षेत्र में वन विभाग ने शनिवार को अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। वनमंडल मनेंद्रगढ़ के तहत उपवनमंडल जनकपुर, वन परिक्षेत्र कुंवारपुर के कक्ष क्रमांक 1267 में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाया गया।
जानकारी के अनुसार, मनेंद्रगढ़ तिराहा स्थित इस वन भूमि पर लंबे समय से अवैध निर्माण किया जा रहा था। पहले ही भारतीय वन अधिनियम के तहत नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कब्जा नहीं हटाने पर एक निर्माणाधीन मकान और दो अन्य अवैध कब्जों को ध्वस्त किया गया। वन विभाग ने कहा कि यह क्षेत्र “अंधा मोड़” के पास स्थित है, जहां पहले कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं।
कार्रवाई के दौरान प्रभावित लोगों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। दुकानदार बद्री प्रसाद गुप्ता ने बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से चाय और समोसा बेचकर परिवार का पालन कर रहे थे, लेकिन अचानक टीम पहुंच गई और उनका ठेला और मकान गिरा दिया। सोनू गुप्ता ने आरोप लगाया कि उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया और उनका सामान जबरन हटाया गया, मोबाइल और दुकान की चाबी भी ले ली गई।
वन परिक्षेत्र अधिकारी कुंवारपुर विकास निकुंज ने कहा कि यह कार्रवाई वन मंडल अधिकारी और उपवन मंडल अधिकारी के निर्देश पर की गई। उन्होंने बताया कि पहले भी नोटिस और बेदखली आदेश (धारा 80A) दिए जा चुके थे। इस कार्रवाई के बाद यदि कक्ष क्रमांक 1267 से अतिक्रमण पूरी तरह हट जाता है, तो क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ेगी और प्राकृतिक सुंदरता व विकास की संभावनाएं मजबूत होंगी।





