July 31, 2026

एल्डरमैन नियुक्तियों पर भाजपा में बवाल, कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ की नारेबाजी

मनेन्द्रगढ़। भरतपुर-सोनहत भाजपा में एल्डरमैन नियुक्तियों को लेकर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मनेन्द्रगढ़ के सांस्कृतिक भवन (दुर्गा पंडाल) के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले के खिलाफ नारेबाजी की।

एल्डरमैन की सूची जारी होने के बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने “चंपा तेरी तानाशाही नहीं चलेगी” और “मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए नियुक्तियों पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सूची तैयार करते समय लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है।

स्थानीय कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप

विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि एल्डरमैन पदों पर ऐसे लोगों की नियुक्ति की गई है जो संबंधित क्षेत्र के मतदाता तक नहीं हैं। उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया में पक्षपात और मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया गया है।

कार्यकर्ताओं ने मांग की कि नियुक्तियों की समीक्षा कर संगठन के समर्पित और स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बना रहे।

कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता रहे शामिल

प्रदर्शन में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान पार्षद धीरेंद्र विश्वकर्मा, पार्षद इरशाद अहमद, जितेंद्र गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद गुप्ता सहित हसदेव मंडल के झगराखंड, लेदरी और खोंगापानी क्षेत्र के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

जिलाध्यक्ष की प्रतिक्रिया का इंतजार

विवाद को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।