मनेन्द्रगढ़ (छत्तीसगढ़): गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व से सटे मनेन्द्रगढ़ के जनकपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत खिरकी गांव में वन्यजीवों की हलचल ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी। मंगलवार को एक तेंदुआ अचानक एक घर में घुस गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, घर के अंदर तेंदुए को बैठा देख परिवार के लोग घबरा गए और जान बचाकर बाहर भागे। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई, जिसके बाद कई लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए। पूरे क्षेत्र में दहशत और भय का माहौल बन गया।
वन विभाग ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। क्षेत्र को चारों ओर से घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।
कई घंटों तक चले इस रेस्क्यू अभियान के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित तरीके से घर से बाहर निकाला और पकड़ लिया। इसके बाद ही गांव में स्थिति सामान्य हो सकी।
गांव में अब भी दहशत का माहौल
घटना के बाद ग्रामीणों में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में वन्यजीवों की नियमित निगरानी और पहले से अलर्ट जारी करने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
वन विभाग का बयान
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू किए गए तेंदुए को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी ताकि मानव और वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके।





