March 4, 2026

सरगुजा का ‘मैनपाट महोत्सव’ 13 से 15 फरवरी तक तीन दिवसीय भव्य सांस्कृतिक महाकुंभ

सरगुजा, 10 फरवरी 2026: छत्तीसगढ़ के ‘मैनपाट’ हिल स्टेशन में आगामी 13 से 15 फरवरी तक तीन दिवसीय ‘मैनपाट महोत्सव’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। राज्य शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य मैनपाट को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाना और स्थानीय लोक कला एवं संस्कृति का संवर्धन करना है।

महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में 13 फरवरी को किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक महाकुंभ में भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी, ओडिशा के प्रसिद्ध छऊ नर्तक, लोक गायिका अलका चंद्राकर, ‘इंडियन आइडल’ फेम वैशाली रायकवार और बॉलीवुड की कनिका कपूर अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

महोत्सव केवल संगीत तक सीमित नहीं होगा। पर्यटकों के लिए एडवेंचर एक्टिविटी, बोटिंग, साहसिक खेल, पारंपरिक दंगल और फूड ज़ोन में स्थानीय और लजीज पकवानों का आनंद लिया जा सकेगा। इसके अलावा, विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा प्रदर्शनी एवं मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय उत्पादों जैसे टाऊ और तिब्बती हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया जाएगा।

मैनपाट समुद्र तल से 3,781 फीट की ऊँचाई पर स्थित है और इसे छत्तीसगढ़ का शिमला तथा छोटा तिब्बत भी कहा जाता है। यहाँ बौद्ध मंदिर, टाइगर पॉइंट, मेहता पॉइंट, मछली पॉइंट, जलजली, उल्टा पानी और सरभंजा जलप्रपात जैसे प्रमुख दर्शनीय स्थल हैं। जुलाई से मार्च तक यहां का मौसम अत्यंत सुहावना रहता है, जो पर्यटकों को आकर्षित करता है।

जिला प्रशासन ने स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया है, ताकि स्कूली बच्चे और क्षेत्रीय कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर सकें। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में महोत्सव स्थल पर सुरक्षा, पार्किंग और पर्यटकों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मैनपाट महोत्सव में तीन दिवसीय सांस्कृतिक और साहसिक गतिविधियों के साथ पर्यटन और लोक कला का उत्कृष्ट संगम देखने को मिलेगा।