अंबिकापुर | 12 फरवरी 2026
सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित रोपाखार जलाशय परिसर में 13 से 15 फरवरी तक तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य मैनपाट को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाना तथा स्थानीय लोककला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।
महोत्सव के दौरान छत्तीसगढ़ का शिमला सांस्कृतिक गीत-संगीत से सजेगा। पहले दिन 13 फरवरी को भोजपुरी गायक मनोज तिवारी, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी तथा ओडिशा के कलाकार हरिपद मोहंता द्वारा छऊ नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। दूसरे दिन 14 फरवरी को छत्तीसगढ़ी गायिका अलका चंद्राकर, इंडियन आइडल एवं सारेगामापा फेम वैशाली रायकवार, गायक स्वप्नील जायसवाल सहित स्थानीय कलाकार मंच पर प्रस्तुति देंगे। वहीं अंतिम दिन 15 फरवरी को बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर, रायगढ़ घराने की कथक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव एवं छत्तीसगढ़ी गायक आयुष नामदेव दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके अलावा स्कूली बच्चों द्वारा भी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
मेला, फूड जोन व बोटिंग होंगे आकर्षण
महोत्सव स्थल पर विशाल मेला, फूड जोन और रोपाखार जलाशय में बोटिंग की सुविधा रहेगी। इसके साथ ही ओपन कुश्ती दंगल प्रतियोगिता, फैंसी पतंग उत्सव जैसी रोचक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जो पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए विशेष आकर्षण होंगी।
विभागीय स्टॉल में दिखेगी विकास की झलक
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, वन, आदिम जाति कल्याण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, जेल, रेशम, समाज कल्याण, हस्तशिल्प विकास बोर्ड एवं स्वास्थ्य विभाग शामिल रहेंगे, जहां आमजन को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
मैनपाट महोत्सव के माध्यम से पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा तथा क्षेत्र में आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।




