May 14, 2026

रायपुर के सड्डू स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, 5 दमकल गाड़ियां मौके पर, काबू पाने की कोशिश जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके में स्थित कवल मल्टीलेयर प्लास्टिक फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अब तक पांच दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं, जबकि अतिरिक्त वाहनों को भी बुलाया गया है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

इस दौरान घटना की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को फैक्ट्री परिसर में प्रवेश से रोका गया और उनके साथ बदसलूकी की गई। वीडियो जर्नलिस्ट को भी कैमरा चलाने से रोका गया, जिससे पत्रकारों में नाराजगी देखी गई।

यह मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।