July 28, 2026

मस्तूरी में भीषण आग, बंद मकान से उठी लपटों ने 9 घरों को लिया चपेट में

बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के जोंधरा चौक के पास आरा मिल के पीछे स्थित एक बंद मकान में देर रात भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते आसपास के 9 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों ने घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

स्थानीय लोगों के अनुसार कच्चे और लकड़ी की छत वाले मकानों के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही रिहायशी इलाकों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।