मुंबई। ओटीटी प्लेटफॉर्म Prime Video ने अपनी ओरिजिनल सीरीज ‘मटका किंग’ की शानदार सफलता के बाद अब इसके दूसरे सीजन ‘मटका किंग 2’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। पहले सीजन ने रिलीज के बाद कई देशों में ट्रेंड करके रिकॉर्ड व्यूअरशिप हासिल की थी, जिसके बाद मेकर्स ने नए सीजन की तैयारी शुरू कर दी है।
सीरीज के मुख्य किरदार में नजर आए अभिनेता Vijay Varma ने बृज भाटी के रोल से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। हाल ही में जारी किए गए नए पोस्टर में उनका किरदार एक बार फिर चर्चा में है, जिसमें वह अपने पत्ते पर “2” का संकेत दिखाते नजर आ रहे हैं, जो दूसरे सीजन की ओर इशारा करता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘मटका किंग’ का पहला सीजन 17 अप्रैल को रिलीज हुआ था और इसे 240 देशों में दर्शकों ने देखा। लॉन्च के पहले ही हफ्ते में सीरीज ने 4.5 मिलियन से ज्यादा व्यूज़ हासिल किए और कई देशों में टॉप ट्रेंडिंग लिस्ट में जगह बनाई। पहले कुछ दिनों में ही इसे 3.4 मिलियन व्यूअरशिप मिली थी, जो आगे चलकर और बढ़ गई।
सीरीज की कहानी एक कपास व्यापारी बृज भाटी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो धीरे-धीरे अवैध ‘मटका’ जुए के कारोबार में उतर जाता है। शुरुआत में छोटा व्यापार बनने वाली यह दुनिया आगे चलकर अंडरवर्ल्ड और अपराध के बड़े नेटवर्क में बदल जाती है।
दर्शकों की मजबूत प्रतिक्रिया को देखते हुए अब मेकर्स ‘मटका किंग 2’ में कहानी को और गहराई देने की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें बृज भाटी के अपराध की दुनिया में बढ़ते सफर को आगे दिखाया जाएगा।





