May 13, 2026

MCB ब्रेकिंग: आदमखोर तेंदुए का हमला, घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग को घसीटकर मार डाला; इलाके में दहशत

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले के भरतपुर विकासखंड अंतर्गत कुवारपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम डोंगरी टोला (चांटी) से रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक आदमखोर तेंदुए ने घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घात लगाकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कुवारे (55 वर्ष) पिता बोड्डा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे घर के आंगन में सो रहे थे, तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेंदुआ उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया, जहां उनका शिकार कर लिया।

गांव में पसरा सन्नाटा, लोगों में डर

घटना के बाद डोंगरी टोला सहित आसपास के गांवों में सन्नाटा और डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ रही थीं, जिसकी जानकारी कई बार वन विभाग को दी गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

वन विभाग की कार्रवाई शुरू

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही प्रभावित परिवार को तत्काल सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

तेंदुए की तलाश तेज

अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और तेंदुए की लोकेशन ट्रैक करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात में अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है।

ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।