मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर एमसीबी जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। 16 फरवरी 2026 को जगन्नाथ मंदिर, चिरमिरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कार्यपालिक दंडाधिकारियों की तैनाती कर दी है।
जारी आदेश के अनुसार हवन एवं पूजा स्थल तथा मुख्य मंदिर परिसर की जिम्मेदारी विजयेन्द्र सारथी, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) खड़गवां/चिरमिरी को सौंपी गई है। उनके सहयोग के लिए विनीत कुमार सिंह, नजूल तहसीलदार मनेन्द्रगढ़ एवं श्रुति धुर्वे, तहसीलदार मनेन्द्रगढ़ को सहायक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वहीं मुख्य मंच, कार्यक्रम स्थल, पत्थर शिलालेख एवं हेलीपैड क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व लिंगराज सिदार, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) मनेन्द्रगढ़ को दिया गया है। उनके सहयोग हेतु समीर शर्मा, तहसीलदार चिरमिरी तथा नीरज कांत तिवारी, तहसीलदार भरतपुर को सहायक अधिकारी बनाया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यक्रम दिवस पर अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहकर समन्वय, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से सुनिश्चित करें। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।




